National

5वीं पुण्यतिथि से पहले श्रीदेवी को याद कर इमोशनल हुए बोनी कपूर, शेयर की अनदेखी तस्वीर

श्रीदेवी (Sridevi) ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था, जिसके लिए एक्ट्रेस को कई बड़े अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया था। हालांकि 24 फरवरी साल 2018 में श्रीदेवी ने केवल 54 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। एक शादी फंक्शन के दौरान श्रीदेवी का दुबई में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया था। इस खबर से फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा था। अब श्रीदेवी की 5वीं पुण्यतिथि पर बोनी कपूर ने एक फोटो साझा किया है। यह श्रीदेवी की आखिरी तस्वीर है। इस फोटो में श्रीदेवी अपने परिवार संग पोज देती नजर आ रही हैं। 

श्रीदेवी की आखिरी तस्वीर

बता दें कि यह फोटो दुबई में हुई उसी शादी की है, जिसे अटेंड करने के लिए एक्ट्रेस पहुंची थीं। इस तस्वीर में श्रीदेवी ग्रीन कलर की साड़ी पहने दुल्हन की तरह सजी हुई नजर आ रही हैं। इस फोटो में श्रीदेवी के साथ उनके पति बोनी कपूर, अंशुला कपूर और बेटी खुशी कपूर भी नजर आ रहे हैं। हवा हवाई गर्ल की इस आखिरी तस्वीर को शेयर करते हुए बोनी कपूर ने इमोशनल होते हुए कैप्शन में लिखा, “लास्ट पिक्चर।” 

बोनी कपूर के पोस्ट पर लोगों के रिएक्शन

श्रीदेवी की इस आखिरी तस्वीर पर लोग खूब रिएक्ट कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “लीजेंड कभी नहीं मरते, श्रीदेवी अपने समय की बेस्ट एक्ट्रेस थीं।” तो वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा, “हम भी उन्हें मिस करते हैं। वह बहुत ही जल्दी चली गईं। उनका कोई भी रिप्लेसमेंट नहीं है।” बोनी कपूर के इस पोस्ट पर एक और यूजर ने लिखा, “वह स्वर्ग से यह सब देखकर खुश हो रही हैं सर।”