Technology

Gmail Down: दो घंटे के आउटेज के बाद जीमेल सर्विस हुई शुरू, 150 करोड़ यूजर्स हुए प्रभावित

Google की ई-मेल सर्विस दो घंटे के ग्लोबल आउटेज के बाद फिर से शुरू हो गई। 10 दिसंबर को रात में Gmail की सर्वर में आई दिक्कत की वजह से 1.5 बिलियन यानी 150 करोड़ यूजर्स प्रभावित हुए थे। Gmail में यह ग्लोबल आउटेज मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों वर्जन में हुआ था। गूगल ने यूजर्स को Gmail एक्सेस करने में हो रही दिक्कत को स्वीकार करते हुए बताया है कि Google Workspace के डैशबोर्ड में खराबी आ गई थी। 10 दिसंबर को भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे के करीब गूगल के सर्वर में यह दिक्कत आई थी। Gmail मोबाइल ऐप साल 2022 के सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाले ऐप में शामिल है। गूगल द्वारा जारी किए गए डेटा के मुताबिक, WhatsApp, Facebook के साथ-साथ Gmail ऐप को भी ग्लोबली सबसे ज्यादा बार डाउनलोड किया गया है।

दुनियाभर के हजारों यूजर्स प्रभावित

Gmail सर्विस में आई दिक्कत के बाद हजारों यूजर्स ने Downdetector पर रिपोर्ट किया। वहीं, Google Workspace Status डैशबोर्ड की सर्विस लिस्ट कुछ घंटों से अपडेट नहीं हो रही थी। Downdetector में सबसे पहले यूजर्स ने शाम 7 बजे Gmail सर्विस के बारे में रिपोर्ट किया था। करीब रात 8:28 बजे 315 यूजर्स ने Gmail सर्विस में आई दिक्कत को रिपोर्ट किया था। इसके बाद माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter पर #GmailDown ट्रेंड होने लगा। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से कई यूजर्स ने जीमेल सर्विस डाउन होना रिपोर्ट किया।

Gmail सर्विस ने 10 दिसंबर शाम 7 बजे से काम करना बंद कर दिया था

Downdetector के मुताबिक, Gmail सर्विस 10 दिसंबर शाम 7 बजे से काम करना बंद कर दिया था। जीमेल में हुए आउटेज की वजह से 92 प्रतिशत यूजर्स को ई-मेल रिसीव करने में परेशानी हुई, जबकि 6 प्रतिशत यूजर्स को सर्वर डाउन का मैसेज मिल रहा था। वहीं, 2 प्रतिशत यूजर्स को लॉग-इन करने में दिक्कत आई। Gmail सर्विस करीब 2 घंटे तक ठप रहने के बाद ठीक हो गई। गूगल ने Gmail सर्वर में आई दिकक्त के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। कुछ महीने पहले भी गूगल के सर्वर में आई दिक्कत की वजह से यूजर्स को गूगल के ऐप्स एक्सेस करने में दिक्कत आई थी।